

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के अंबिकापुर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत संचालित राशन दुकान में बड़े पैमाने पर खाद्यान गबन का मामला सामने आया है। थाना कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर खाद्य शाखा के कर्मचारी शिव कुमार मिश्रा द्वारा 11 मार्च 2026 को महामाया वार्ड स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण किया गया था। जांच के दौरान दुकान में 139.49 क्विंटल चावल की कमी पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 51 हजार 112 रुपये बताई गई है। यह दुकान मार्च 2015 से समवृद्ध स्वयं सहायता समूह दर्रीपारा द्वारा संचालित की जा रही थी।मामले में दर्रीपारा निवासी शोभा सिंह, जो समूह की अध्यक्ष और विक्रेता थीं, पर खाद्यान का व्यपवर्तन करने का आरोप सिद्ध पाया गया। प्रार्थी की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 256/26 के तहत धारा 316(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी शोभा सिंह (56 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि राशन दुकान का लेन-देन ऑनलाइन होने के कारण वह रजिस्टर प्रस्तुत नहीं कर सकीं।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।

































