लखनपुर/प्रिंस सोनी: छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव ने प्रदेश में जंगलों की कटाई, कोयला खदानों के विस्तार, बढ़ते हाथी-मानव द्वंद्व, शिक्षा व्यवस्था और धान खरीदी जैसे मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जंगलों और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास लगातार खत्म हो रहे हैं। इसके चलते हाथियों सहित अन्य वन्यप्राणियों का विचरण क्षेत्र सिमट रहा है और वे भोजन एवं सुरक्षित ठिकाने की तलाश में गांवों की ओर रुख करने को मजबूर हो रहे हैं।

सिंहदेव ने कहा कि यदि जंगल और वन्यजीवों के प्राकृतिक रहवास सुरक्षित नहीं रहेंगे तो मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में और बढ़ोतरी होगी। हाथियों की समस्या का समाधान केवल उन्हें नियंत्रित करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके पारंपरिक विचरण मार्गों और प्राकृतिक आवासों को संरक्षित करने के लिए सरकार को ठोस एवं दीर्घकालिक नीति बनानी चाहिए। उन्होंने खदानों के विस्तार और इसके कारण वन क्षेत्रों पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर भी चिंता जताई।

शिक्षकों की कमी से प्रभावित हो रही शिक्षा व्यवस्था

शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों और छात्रावासों से बच्चों का पलायन चिंता का विषय है। शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में 33 से 35 हजार शिक्षकों की भर्ती का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद अपेक्षित संख्या में भर्ती नहीं हो पाई है। स्कूलों की बंदी, जर्जर भवन और शिक्षा व्यवस्था के कमजोर प्रबंधन को लेकर भी उन्होंने सरकार से जवाब मांगा।

धान खरीदी और एग्रीस्टैक पंजीयन से किसान परेशान

किसानों की समस्याओं को लेकर सिंहदेव ने कहा कि एग्रीस्टैक पंजीयन, धान खरीदी की प्रक्रिया और राशन कार्ड से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों के कारण किसानों और आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डिजिटल व्यवस्था को लागू करने में आ रही खामियों का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रक्रियाओं में तकनीकी समस्याओं के कारण पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के लाभ से वंचित होने की आशंका बनी हुई है।

मतदाता सूची से नाम कटने पर भी उठाए सवाल

सिंहदेव ने मतदाता सूची से लोगों के नाम कटने के मुद्दे पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। डिजिटल प्रक्रियाओं में लापरवाही या तकनीकी खामियों के कारण किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को लेकर लगातार जनता के बीच पहुंच रही है। प्रदेश प्रभारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और प्रभारी सचिव सहित पार्टी के नेता लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक कर रहे हैं।सिंहदेव ने कहा कि जनता के अधिकारों की रक्षा करना और सरकार को उसकी जिम्मेदारियों के प्रति जवाबदेह बनाना जरूरी है। कांग्रेस इन मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और आम जनता, किसानों, विद्यार्थियों तथा वन्यजीवों के संरक्षण से जुड़े सवालों पर संघर्ष जारी रखेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!