

बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में विद्यालय परिसर में हरे-भरे पेड़ों की कटाई का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरूर विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बड़झूम के प्रधान पाठक डोंगर सिंह निषाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बिना अनुमति कराई गई पेड़ों की कटाई
संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा विभाग दुर्ग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी बालोद की जांच में पाया गया कि विद्यालय परिसर में करीब 29 हरे-भरे पेड़ों की कटाई स्कूल विकास समिति के प्रस्ताव के आधार पर कराई गई। हालांकि, इसके लिए सक्षम उच्च अधिकारियों से न तो अनुमति ली गई और न ही उन्हें इसकी जानकारी दी गई।
गंभीर लापरवाही मानते हुए हुई कार्रवाई
शिक्षा विभाग ने इस कृत्य को शासकीय कार्यों के प्रति गंभीर लापरवाही, कर्तव्य की उपेक्षा और स्वेच्छाचारिता मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत प्रधान पाठक को निलंबित करने का आदेश जारी किया है।
डौंडी लोहारा रहेगा निलंबन अवधि का मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान डोंगर सिंह निषाद का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, डौंडी लोहारा निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
एक सप्ताह में आरोप पत्र पेश करने के निर्देश
शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारी, बालोद को निर्देश दिया है कि प्रधान पाठक के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर आरोप पत्र तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि विभागीय कार्रवाई नियमानुसार आगे बढ़ाई जा सके।











