
लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र के ग्राम केवरी में पूर्ण शराबबंदी के फैसले के बाद ग्राम पंचायत ने सख्ती शुरू कर दी है। शराब का सेवन कर बाहर से गांव पहुंचने वाले 16 लोगों के खिलाफ पंचायत ने कार्रवाई करते हुए कुल 45 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना वसूला है। पंचायत की कार्रवाई के बाद गांव में शराबबंदी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
ग्राम पंचायत के मुताबिक केवरी में 1 सितंबर 2026 से पूर्ण शराबबंदी लागू करने का निर्णय लिया गया था। शराबबंदी के फैसले को गांव की महिलाओं समेत ग्रामीणों का समर्थन मिला। ग्रामीणों का कहना है कि शराब के कारण होने वाले विवाद, घरेलू कलह और अन्य सामाजिक समस्याओं को देखते हुए गांव में शराब के सेवन पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया।शराबबंदी लागू होने के बाद ग्राम पंचायत की ओर से गांव में निगरानी की जा रही है। इसी दौरान 16 लोगों के शराब का सेवन कर गांव में पहुंचने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पंचायत ने सभी को बुलाकर कार्रवाई की।
पंचायत द्वारा 14 लोगों पर 3-3 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया गया, जबकि दो अन्य लोगों से 1500-1500 रुपये जुर्माना वसूला गया। इस तरह पंचायत ने कुल 45 हजार रुपये की राशि आर्थिक जुर्माने के रूप में वसूल की।
ग्राम सरपंच मैनेजर राम के अनुसार शराबबंदी का निर्णय ग्रामीणों की सहमति और गांव में सामाजिक माहौल बेहतर बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। पंचायत का कहना है कि शराबबंदी के नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए आगे भी गांव में निगरानी जारी रहेगी।पंचायत की इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में शराबबंदी को लेकर सख्ती का संदेश गया है। वहीं महिलाओं और ग्रामीणों ने भी पंचायत के निर्णय का समर्थन करते हुए इसे गांव के सामाजिक हित से जुड़ा कदम बताया है।




















