
सूरजपुर: सूरजपुर जिले के चौकी बसदेई क्षेत्र से लापता हुए 9 वर्षीय बालक को सूरजपुर पुलिस और बाल कल्याण समिति (CWC) की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया है। बालक के सुरक्षित वापस लौटने के बाद पुलिस ने उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया, जहां काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को बालक घर से अपने पिता के पास जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने किसी व्यक्ति द्वारा बालक को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका के आधार पर धारा 137(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने बालक की जल्द से जल्द पतासाजी कर सुरक्षित दस्तयाबी के निर्देश दिए। इसके बाद चौकी बसदेई पुलिस ने विभिन्न स्तरों पर बालक की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बालक महाराष्ट्र के कल्याण-मुंबई क्षेत्र में है।जानकारी की पुष्टि के बाद पुलिस और सीडब्ल्यूसी की टीम को महाराष्ट्र रवाना किया गया। टीम ने उल्हासनगर स्थित बाल कल्याण समिति महाराष्ट्र से बालक को विधिवत अपने संरक्षण में लिया और उसे सुरक्षित सूरजपुर लाया गया। इसके बाद बालक को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। काउंसलिंग के बाद समिति ने बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पूछताछ में बालक ने बताया कि वह पढ़ाई और स्कूल जाने से बचना चाहता था। इसी वजह से वह घर से निकल गया और 2-3 ट्रेनों में सफर करते हुए मुंबई पहुंच गया था।पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और सीएसपी बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में की गई। टीम में चौकी प्रभारी बसदेई रघुवंश सिंह, प्रधान आरक्षक शिवकुमार सारथी, आरक्षक विकास पटेल तथा सीडब्ल्यूसी के दो सदस्य शामिल रहे।




















