कवर्धा। छत्तीसगढ़ ट्रैवल्स की बस में ड्यूटी के दौरान एक कंडक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के परिजनों ने बस चालक, बस मालिक और स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है।

बस से साइकिल उतारते समय हुआ हादसा, परिजनों ने चालक पर लगाया आरोप

मृतक के छोटे भाई उमेश राव ने बताया कि उनके बड़े भाई लक्ष्मी राव छत्तीसगढ़ ट्रैवल्स में कंडक्टर के पद पर कार्यरत थे। उनके अनुसार, घटना सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच पांडातराई बस स्टॉप पर हुई। आरोप है कि लक्ष्मी राव बस से साइकिल उतार रहे थे, तभी चालक ने अचानक बस आगे बढ़ा दी। इससे वे साइकिल सहित नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल लक्ष्मी राव को पहले पांडातराई स्थित आशीर्वाद अस्पताल ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें चंद्रयान अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर परिजनों को उनके निधन की जानकारी मिली।

घटना की सूचना छिपाने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद बस चालक और बस मालिक ने उन्हें समय पर घटना की जानकारी नहीं दी। उनका कहना है कि दोपहर करीब 1:20 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति के जरिए उन्हें हादसे की सूचना मिली। इसके बाद जब उन्होंने बस मालिक से संपर्क किया तो बताया गया कि लक्ष्मी राव का इलाज चल रहा है और उनका एमआरआई कराया जा रहा है। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने उन्हें मृत पाया।

परिवार का आरोप है कि बस मालिक ने कुछ समय तक इलाज जारी होने की बात कहकर उन्हें गुमराह किया।

एफआईआर दर्ज नहीं करने का भी आरोप

मृतक के परिजनों ने स्थानीय पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रात करीब 11:20 बजे वे पांडातराई थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की, लेकिन थाना प्रभारी ने तत्काल कोई लिखित कार्रवाई नहीं की और उनकी शिकायत पर तुरंत सुनवाई भी नहीं हुई।

उच्चस्तरीय जांच और मुआवजे की मांग

पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने की भी मांग की है। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है और सभी की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!