
जशपुर: जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र के ग्राम खजूरबहार में रिश्तों को शर्मसार करने वाली हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चरित्र पर संदेह को लेकर एक पति ने अपनी ही पत्नी की टांगी से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने हत्या की सच्चाई छिपाने के लिए पत्नी की मौत खाट से गिरने के कारण होना बताया और परिजनों को गुमराह कर शव दफन करवा दिया। हालांकि, मृतका की बहन की शिकायत पर पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका पार्वती बाई (52 वर्ष) का विवाह ग्राम खजूरबहार निवासी मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम (62 वर्ष) से हुआ था। 6 नवंबर 2026 को मृतका की बहू ने फोन कर उसकी बहन सीता बाई को पार्वती की मौत की सूचना दी थी। अगले दिन जब सीता बाई गांव पहुंची तो उसकी बहन का शव घर के कमरे में पड़ा था। मृतका के सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे तथा खून भी निकला हुआ था।इस दौरान पति मुखलाल राम ने परिजनों को बताया कि पार्वती बाई खाट से गिर गई थी, जिससे सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। उसकी बात पर विश्वास कर परिजनों और समाज के लोगों ने 7 नवंबर को शव दफना दिया।कुछ समय बाद मृतका की बहन सीता बाई को मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उसने आशंका जताई कि उसकी बहन की हत्या की गई है। इसके बाद 20 नवंबर को उसने कुनकुरी थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच की मांग की।
कब्र से शव निकलवाने पर हत्या का हुआ खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद वैधानिक प्रक्रिया के तहत कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक बताई। इसके बाद पुलिस ने मृतका के पति मुखलाल राम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
चरित्र पर संदेह बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। 6 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच उसने पत्नी को किसी व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने का दावा किया। इसी बात से आक्रोशित होकर उसने घर में रखे टांगी के पासा वाले हिस्से से पत्नी के सिर, माथे और सीने पर दो-तीन बार वार कर दिया। गंभीर चोटों के कारण पार्वती बाई की मौत हो गई।हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पत्नी की मौत खाट से गिरने के कारण होने की झूठी कहानी सुनाई, जिसके चलते परिजनों ने शव को दफना दिया था।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त टांगी जब्त
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से घटना में प्रयुक्त बांस का बेंट लगा लोहे का टांगी बरामद कर जब्त कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कुनकुरी थाने में अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 238(क) में अपराध दर्ज किया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर सिंह वारले, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, आरक्षक आदित्य साय एवं आरक्षक चंद्रशेखर बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










