

बलौदा बाजार। जिले के लवन थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक युवक ने नशे की हालत में ऐसा हंगामा खड़ा कर दिया कि पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। युवक अपने साथ तीन छोटे बच्चों को लेकर थाना पहुंचा था, लेकिन बाद में वह बच्चों को लेकर नेशनल हाईवे पर खड़ा हो गया और आने-जाने वाले वाहनों के सामने विरोध करने लगा।घटना लवन थाना परिसर के सामने की बताई जा रही है। युवक पड़ोसियों से हुए विवाद की शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचा था।
विवाद की सूचना पर पहुंची 112 की टीम, युवक था नशे में
जानकारी के अनुसार ग्राम जुड़ा में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम युवक को लेकर लवन थाना पहुंची थी। पुलिस ने जब युवक की स्थिति देखी तो वह काफी नशे में था।पुलिसकर्मियों ने उसे समझाया कि पहले वह अपने बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाए और नशा उतरने के बाद शिकायत दर्ज कराए। लेकिन युवक पुलिस की इस सलाह से नाराज हो गया।
शिकायत दर्ज नहीं होने से नाराज युवक ने हाईवे पर किया प्रदर्शन
पुलिस की बात से असंतुष्ट युवक अपने तीनों बच्चों को लेकर थाना के सामने नेशनल हाईवे पर पहुंच गया। वहां वह सड़क पर खड़े होकर वाहनों के सामने हंगामा करने लगा।इस दौरान उसने पुलिस पर उसकी शिकायत दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया। युवक के इस प्रदर्शन के कारण हाईवे के एक हिस्से में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया।
समझाने पहुंचे व्यक्ति से भी की हाथापाई
पुलिस और युवक के परिचितों ने उसे समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह शांत नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसे समझाने पहुंचे एक परिचित के साथ युवक ने विवाद करते हुए हाथापाई कर दी और थप्पड़ भी मार दिया।इसके बाद पुलिस ने किसी तरह युवक को वहां से हटाकर थाने पहुंचाया।
बच्चों को अकेला छोड़कर चला गया युवक, पुलिस ने निभाई जिम्मेदारी
थाने लाए जाने के बाद युवक अपने तीनों बच्चों को वहीं छोड़कर चला गया। इसके बाद पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उनके परिवार से संपर्क किया।पुलिस ने युवक की मां को गांव से बुलाया और तीनों मासूम बच्चों को सुरक्षित उनकी दादी के सुपुर्द कर दिया। साथ ही पुलिस वाहन से बच्चों को ग्राम जुड़ा तक पहुंचाया गया।पुलिस की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की और बच्चों की सुरक्षा को लेकर दिखाई गई संवेदनशीलता को महत्वपूर्ण कदम बताया।











