
रायपुर: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को रायपुर की CBI स्पेशल कोर्ट ने 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद गुरुवार को उसे कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। CBI ने आगे की पुलिस रिमांड की मांग नहीं की और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने का आग्रह किया, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया।
इस दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से नॉन-बेलेबल वारंट के निष्पादन को लेकर पेश आवेदन को कोर्ट ने खारिज कर दिया। ED की तरफ से अधिवक्ता सौरभ पांडे ने पक्ष रखा, जबकि बचाव पक्ष की ओर से तुषार गिरी ने पैरवी की।
कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट पहुंचा आरोपी
CBI अधिकारियों और पुलिस की सुरक्षा में सौरभ चंद्राकर को कोर्ट लाया गया। न्यायिक रिमांड का आदेश जारी होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। इस दौरान वह अपने साथ झोला लेकर जेल परिसर में प्रवेश करता नजर आया।
सट्टे की रकम और हवाला नेटवर्क की जांच
CBI ने 8 दिनों की पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर से महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए वित्तीय लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर सवाल किए। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि ऑनलाइन सट्टे से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों तथा अन्य लोगों की क्या भूमिका रही।जांच का मुख्य फोकस सट्टे के कारोबार से जुड़े वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों, पैनल ऑपरेटरों और हवाला नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने पर है।
2022 में दर्ज हुई थी पहली FIR
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में पहली FIR दर्ज की गई थी। इसके बाद ED ने 6 अक्टूबर 2022 को मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की। जांच एजेंसियों ने सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को इस मामले के मुख्य आरोपियों के रूप में चिन्हित किया है।वहीं, CBI ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में केस दर्ज किया था। छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव सट्टा ऐप से जुड़े 13 मामलों की जांच CBI को सौंपी थी। इनमें से दो मामलों में एजेंसी चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।
ED भी कर रही मनी लॉन्ड्रिंग की जांच
इस पूरे मामले में CBI के साथ ED भी अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही है। ED मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की पड़ताल करते हुए सौरभ चंद्राकर के खिलाफ अभियोजन शिकायत भी दाखिल कर चुकी है।
फिलहाल सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में रहना होगा। जांच एजेंसियां महादेव ऐप के जरिए संचालित कथित सट्टा नेटवर्क और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन की कड़ियों को खंगाल रही हैं।











