

अंबिकापुर: सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता डॉ. डी.के. सोनी को उनके जनहित, सामाजिक न्याय और भ्रष्टाचार विरोधी कार्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। डॉ. सोनी का नाम “लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड” में दर्ज किया गया है। उन्हें यह सम्मान यूनाइटेड किंगडम के डॉक्टर Ivangacina, यूरोपियन यूनियन हेड रिपब्लिक ऑफ क्रोएशिया एवं इंटरनेशनल चेयरमैन इंडिया अविनाश डी. सकुंदेया के करकमलों से प्रदान किया गया।
डॉ. डी.के. सोनी लंबे समय से न्याय में देरी, भ्रष्टाचार और विभिन्न सामाजिक मुद्दों को लेकर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। वे अपनी संस्था “सरगुजा सोसाइटी फॉर फास्ट जस्टिस” के माध्यम से आम लोगों को त्वरित और सुलभ न्याय दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। आरटीआई और जनहित याचिकाओं के माध्यम से उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों को उच्च न्यायालय से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक उठाया और सफल कानूनी लड़ाइयाँ लड़ीं।
डॉ. सोनी ने सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को उजागर करने में भी अहम भूमिका निभाई है। दस्तावेजी प्रमाणों के आधार पर कई मामलों में कार्रवाई कराते हुए भ्रष्ट अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कराने में सफलता हासिल की है।
देशभर में सामाजिक, कानूनी, व्यापार एवं उद्योग क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए थे। चयन प्रक्रिया और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद, आदिवासी हित, शासन हित और जनहित में उल्लेखनीय योगदान देने पर डॉ. डी.के. सोनी को यह सम्मान प्रदान किया गया। दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित समारोह में उन्हें सम्मान पत्र भेंट किया गया।डॉ. डी.के. सोनी को यह सम्मान मिलने पर उनके शुभचिंतकों, अधिवक्ताओं और सामाजिक न्याय के लिए कार्य करने वाले लोगों में हर्ष का माहौल है।
लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने पर डॉ. सोनी ने कहा कि यह सम्मान उन्हें जनहित और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में और अधिक ऊर्जा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भविष्य में भी समाजहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने की बात कही।





















