लखनपुर/ प्रिंस सोनी: विकासखंड लखनपुर के ग्राम कोरजा में मजदूरी का बकाया भुगतान मांगना दो युवकों को भारी पड़ गया। मजदूरी के पैसे मांगने पहुंचे युवकों पर लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों युवक घायल हो गए, जिनका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, कोरजा निवासी रामकुमार पैकरा आरोपी राजेश यादव  के यहां ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्य करता था। उसकी कई महीनों की मजदूरी बकाया थी। 30 मई की रात रामकुमार ने भुगतान को लेकर राजेश यादव से फोन पर बात की थी, जिसके बाद शाम को पैसे लेने आने को कहा गया।

बताया जा रहा है कि रात करीब 8:30 बजे रामकुमार अपने रिश्तेदार विजय पैकरा के साथ राजेश यादव के घर पहुंचा। वहां मजदूरी के पैसे मांगने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि नशे की हालत में मौजूद राकेश यादव ने गुस्से में आकर दोनों युवकों पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में रामकुमार बेहोश होकर गिर पड़ा, जबकि विजय पैकरा के हाथ, पैर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं।

पीड़ितों का आरोप है कि घटना के दौरान आरोपी ने विजय का मोबाइल फोन छीन लिया और उनकी दोपहिया वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

इस मामले में लखनपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और विवाद के कई मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!