

अंबिकापुर: संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की "ऑपरेशन क्लीन" के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में नशीले इंजेक्शन की आपूर्ति करने के आरोप में ब्रह्मपारा निवासी राजेश मंदिलवार उर्फ बुटन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आबकारी विभाग ने यह कार्रवाई महज 24 घंटे के भीतर पूरी कर ली।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि 12 जुलाई 2026 को ब्रह्मपारा निवासी आशा पांडेय के कब्जे से 19 नग रेक्सोजेसिक (REXOGESIC) और 9 नग एविल (AVIL) इंजेक्शन बरामद किए गए थे। मामले में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।पूछताछ के दौरान आशा पांडेय ने कथित तौर पर बताया कि उसने ये इंजेक्शन अपने पड़ोस में रहने वाले राजेश मंदिलवार उर्फ बुटन से खरीदे थे। इसके आधार पर आबकारी उड़नदस्ता टीम ने उसी शाम आरोपी राजेश मंदिलवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की और आवश्यक कार्रवाई के बाद सोमवार 13 जुलाई को उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के अनुसार, ब्रह्मपारा क्षेत्र पहले ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के लिए चर्चा में रहा है, जबकि अब कुछ लोग नशीले इंजेक्शनों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त पाए जा रहे हैं। विभागीय जांच में आशा पांडेय को कथित तौर पर फुटकर विक्रेता और राजेश मंदिलवार उर्फ बुटन को सप्लायर के रूप में चिन्हित किया गया है।उन्होंने कहा कि नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के खिलाफ आबकारी विभाग की "जीरो टॉलरेंस" नीति जारी रहेगी और ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने किया। अभियान में आबकारी उप निरीक्षक टी.आर. केहरी, सहायक उपनिरीक्षक रमेश दुबे, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह, रोहित सोनवानी तथा महिला सैनिक राजकुमारी और चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











