
सूरजपुर: सूरजपुर जिले के चौकी चेन्द्रा क्षेत्र के ग्राम पलमा में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रिंकू पैकरा उर्फ बउधा (32) निवासी ग्राम पलमा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को ग्राम पलमा निवासी रजनी पैकरा ने चौकी चेन्द्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि सुबह रिंकू पैकरा अपनी पत्नी रामकुमारी के साथ बस्ती की ओर गया था। दोपहर में दोनों घर लौटे। इसके बाद रिंकू अपनी पत्नी से बकरी की चमड़ी के संबंध में पूछताछ करने लगा। जानकारी नहीं मिलने पर उसने मारपीट के लिए डंडा उठा लिया।रजनी ने डंडा उससे छीन लिया और खेत की ओर चली गई। शाम को वापस लौटने पर घर में अन्य लोग मौजूद थे। घर के अंदर जाने पर रामकुमारी मृत अवस्था में पड़ी मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 219/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी तथा वैज्ञानिक साक्ष्यों को बारीकी से संकलित करने के निर्देश दिए। इसके बाद चौकी चेन्द्रा पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दबिश देकर रिंकू पैकरा उर्फ बउधा को पकड़ा।पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी ओड़गी राजेन्द्र मण्डावी के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी चेन्द्रा केश्वर राम मरावी, प्रधान आरक्षक लालमन राजवाड़े, शत्रुहन पोर्ते, राजकुमार, आरक्षक जगत पैकरा, कमलेश्वर सिंह, दीपक खलखो, गिरजा शंकर, घनश्याम सिंह एवं शैलेश राजवाड़े की टीम ने की।



















