
अंबिकापुर: पीड़िता की पहचान और निजता उजागर करने, आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और लोगों के बीच वैमनस्य फैलाने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को बुधवार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी गुलापन राम यादव की अदालत में पेश किया। अदालत में जमानत का विरोध किया गया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने देर शाम आकांक्षा टोप्पो को जेल भेजने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच उसे जेल पहुंचाया।
दरअसल इस मामले की शुरुआत गंगापुर निवासी शैलेंद्र शर्मा की शिकायत से हुई। उन्होंने 4 अक्टूबर 2026 को कोतवाली थाने में लिखित शिकायत देकर आकांक्षा टोप्पो, अकील अहमद अंसारी और अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक आपराधिक मामले से जुड़ी पीड़िता की मजबूरी का कथित रूप से फायदा उठाकर उसकी पहचान और निजी जानकारी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक की गई।शिकायतकर्ता के अनुसार, पीड़िता का कैमरे के सामने इंटरव्यू रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया। आरोप है कि इंटरव्यू के दौरान पीड़िता से घटना और उसके निजी जीवन से जुड़े आपत्तिजनक सवाल पूछे गए। साथ ही घटना से जुड़े कुछ दृश्यों को दोबारा प्रस्तुत कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की बात भी शिकायत में कही गई है।
शिकायत में अकील अहमद अंसारी पर भी मूल निवासी और बाहरी लोगों को लेकर कथित रूप से विभाजनकारी बयान देने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह के बयानों से अलग-अलग वर्गों के बीच तनाव और वैमनस्य की स्थिति पैदा हो सकती है।शिकायत में आकांक्षा टोप्पो पर पहले भी जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा में सोशल मीडिया सामग्री प्रसारित करने के आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच और न्यायिक प्रक्रिया में होने वाले साक्ष्यों के आधार पर होगी।कोतवाली पुलिस ने शिकायत पर जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। शिकायतकर्ता ने अन्य सुसंगत धाराओं में भी कार्रवाई की मांग की थी। बुधवार को गिरफ्तारी के बाद आकांक्षा टोप्पो को कोर्ट में पेश किया गया। अदालत में उसकी जमानत का विरोध किया गया। सुनवाई के बाद न्यायालय ने उसे जेल भेजने का आदेश दिया। पुलिस ने सुरक्षा के बीच उसे जेल पहुंचाया।पुलिस अब मामले से जुड़े वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल सामग्री की जांच कर रही है। प्रकरण में आगे की कार्रवाई जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
सामाजिक वैमनस्य फैलाने के मामले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो की गिरफ्तारी के बाद अब इस प्रकरण में नामजद अकील अहमद अंसारी की गिरफ्तारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने आकांक्षा टोप्पो को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। ऐसे में लोगों की नजर अब इस बात पर है कि मामले में नामजद अकील अहमद अंसारी के खिलाफ पुलिस की अगली कार्रवाई क्या होगी और उनकी गिरफ्तारी कब होगी।




















