बलरामपुर:  जिले के विकास को नई रफ्तार देते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज 157 करोड़ 4 लाख रुपये के 191 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। खेल मैदान आरागाही-ताम्बेश्वरनगर में आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने की। सरगुजा सांसद  चिंतामणि महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधि भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। समारोह में 126 करोड़ 4 लाख रुपये के 171 कार्य जनता को समर्पित किए गए और 30 करोड़ 99 लाख रुपये के 20 नए कार्यों की आधारशिला रखी गई। पेयजल, पुल-सड़क, कृषि, शिक्षा और नगरीय सुविधाओं से जुड़े ये कार्य जिले के दूरस्थ अंचलों की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएंगे।
सबसे बड़ी सौगात पेयजल के क्षेत्र में मिली। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की 66 करोड़ 93 लाख रुपये की 35 जल प्रदाय योजनाएं जिले के सभी छह विकासखंडों के गांवों को समर्पित की गईं। इनसे हजारों परिवारों को घर पर ही शुद्ध पेयजल मिलेगा और महिलाओं को दूर से पानी ढोने की मजबूरी से मुक्ति मिलेगी।

आवागमन की दृष्टि से भी यह दिन ऐतिहासिक रहा। 24 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बने चार उच्चस्तरीय पुल जनता को सौंपे गए। इनमें डीपाडीहकला-करमी उरांवटोली मार्ग पर गलफुल्ला नदी का 12 करोड़ 3 लाख रुपये का पुल सबसे बड़ा है। देवरी-मदगुरी, सुन्दरपुर-चौराखाड़ और अंबिकापुर-धनवार-वाराणसी मार्ग पर बने अन्य पुलों से बरसात में कट जाने वाले गांव अब बारहमासी संपर्क से जुड़ेंगे। इसके साथ ही 18 करोड़ 31 लाख रुपये के चार और उच्चस्तरीय पुलों का भूमिपूजन हुआ, जो इरिया, मोरन, सिंदूर और बांकी नदियों पर बनेंगे। इस तरह कुल आठ पुल नदी-नालों से घिरे गांवों को जिला मुख्यालय, अस्पताल, स्कूल और बाजारों से सीधे जोड़ेंगे।

किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए कृषि विपणन बोर्ड के 33 करोड़ 1 लाख रुपये के 130 कार्य लोकार्पित हुए। इनमें महावीरगंज में 5,400 मीट्रिक टन क्षमता का गोदाम शामिल है, जिससे किसानों को उपज के सुरक्षित भंडारण की सुविधा मिलेगी। महावीरगंज, कनकपुर, मानिकपुर, चम्पापुर, तातापानी, भैरोपुर चमनपुर और करचलगली में नीलामी चबूतरे, सीसी सड़क और शौचालय युक्त हाट बाजार विकसित किए गए हैं। बलरामपुर और रामचन्द्रपुर विकासखंड में 100 से अधिक स्थानों पर सीसी सड़कें और पुलिया भी बनाई गई हैं।

शिक्षा और नगरीय सुविधाओं के क्षेत्र में अमरावतीपुर में हाईस्कूल भवन और नगर पालिका बलरामपुर में 23 व्यावसायिक दुकानों का लोकार्पण हुआ। राजपुर में 1 करोड़ 21 लाख रुपये के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन और 4 करोड़ 75 लाख रुपये की 4 किलोमीटर सड़क का भूमिपूजन किया गया। बलरामपुर नगर में 4 करोड़ 2 लाख रुपये से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और मुक्तिधाम का निर्माण होगा, जिससे नगर स्वच्छ और व्यवस्थित शहरी विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!