
बलरामपुर: उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने आज रामानुजगंज के बटालियन कैम्प में अपने विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा की। कृषि मंत्री रामविचार नेताम और सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज की उपस्थिति में हुई इस बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि वे सेवा और समर्पण भाव से कार्य करें और आमजन के हित को सर्वोपरि रखें।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि बलरामपुर छत्तीसगढ़ का अंतिम छोर का जिला नहीं, बल्कि प्रमुख और प्रथम स्थान का जिला है। आपसी समन्वय से इसे हर क्षेत्र में अग्रणी बनाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सहयोगी साथियों को साथ लेकर युद्धस्तर पर काम करें और योजनाओं को मूर्त रूप दें। हर कार्य में गंभीरता और समयबद्धता अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जनमानस की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति पहली प्राथमिकता हो और केन्द्र व राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे।लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में जिले की हर सड़क की वर्तमान स्थिति पर बिंदुवार चर्चा हुई। श्री साव ने कहा कि सड़क आमजन से सीधे जुड़ा विषय है, इसे नजरअंदाज करने की भूल न करें। उन्होंने अभियंताओं को गुणवत्ता से समझौता किए बिना प्रगतिरत कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने की बात कही । वर्तमान में जिले में 339.98 किलोमीटर की 25 सड़कें, 19 भवन और 114 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 22 पुल-पुलिया निर्माणाधीन हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के उन्नयन में पैकेज-1 का 30 प्रतिशत और पैकेज-3 का 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नई योजनाओं के प्रस्ताव लोगों की वास्तविक आवश्यकता पर केन्द्रित हों। उन्होंने कार्यपालन अभियंता पीएचई से पंचायतों को हस्तांतरित नल जल योजनाओं की स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि जिन घरों तक पानी पहुंच चुका है, वहां के ग्रामीणों को भी योजनाओं की देखरेख की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके साथ ही सभी सरपंचों की कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि बेहतर संचालन करने वाली पंचायतों से दूसरी पंचायतें सीख सकें। जिले में 1 लाख 47 हजार से अधिक घरों तक नल कनेक्शन पहुंच चुके हैं, जिससे लगभग 4 लाख की आबादी लाभान्वित हो रही है। स्वीकृत 2,124 में से 1,059 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं और 81 ग्राम हर घर जल प्रमाणित हैं।
नगरीय निकायों की समीक्षा में श्री साव ने सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों से बिंदुवार जानकारी ली। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के शेष आवासों की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने लंबित कार्यो को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क और अधोसंरचना कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ भौतिक सत्यापन भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सड़कें ऐसी बनें जो सही मायने में टिकाऊ हों। उन्होंने अधिकारियों को एजेंसियों से संपर्क कर बीटी पैच और मरम्मत कार्य तत्परता से पूरे कराने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों के साथ तालमेल बनाकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने की बात कही । उन्होंने कहा कि सरगुजा अंचल के विकास में बलरामपुर जिला अग्रणी भूमिका निभाएगा।समीक्षा बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



















