बलरामपुर/राजपुर। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री की हालिया अपीलों को लेकर तीखा राजनीतिक हमला बोला गया। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, उर्वरक संकट और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार को घेरा।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता बलरामपुर जिले के प्रभारी शफी अहमद ने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और आम जनता महंगाई के बोझ तले दबती जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए जनता को कम उपयोग और बचत की सलाह दे रही है, जबकि असली समस्या बढ़ती महंगाई और संसाधनों की कमी है।उन्होंने अहमद ने प्रधानमंत्री की हालिया अपीलों का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों को उर्वरक कम उपयोग करने, नागरिकों को ईंधन बचाने, विदेश यात्रा से बचने, सोना न खरीदने और वर्क फ्रॉम होम अपनाने जैसी सलाह देना इस बात का संकेत है कि सरकार आर्थिक चुनौतियों को सही तरीके से संभाल नहीं पा रही है।

उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही खाद और उर्वरक की कमी से जूझ रहे हैं। कई जगहों पर किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही है, जिससे उत्पादन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में उर्वरक कम उपयोग करने की सलाह किसानों के हितों के खिलाफ है और यह कृषि व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है।

शफी अहमद ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में उर्वरक आपूर्ति की स्थिति संतोषजनक नहीं है। किसानों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है और कई बार पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रही, जिससे खेती की लागत बढ़ रही है और किसान आर्थिक संकट में हैं। देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। मध्यम वर्ग और गरीब परिवार सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं और घर का बजट पूरी तरह असंतुलित हो चुका है।

उन्होंने कहा कि खाद्य तेल, दाल, गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से गृहणियों पर भारी दबाव है। ऐसे में तेल कम उपयोग करने जैसी सलाह आम जनता की परेशानियों को हल नहीं करती, बल्कि उनकी मुश्किलों को और बढ़ाती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोलियम उत्पादों पर भारी कर लगाकर सरकार ने जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल के दाम ऊंचे बने हुए हैं।शफी अहमद ने क्रूड ऑयल भंडारण व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में पर्याप्त रणनीतिक भंडारण क्षमता विकसित नहीं की गई है, जिससे संकट के समय देश को गंभीर स्थिति का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई के कारण आम नागरिकों की आय और बचत दोनों प्रभावित हुई है और लोग अपनी बुनियादी जरूरतें पूरी करने के लिए कर्ज लेने को मजबूर हैं।

इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की नीतियां पूरी तरह जनविरोधी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों, युवाओं और मध्यम वर्ग की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और सरकार केवल घोषणाओं और भाषणों तक सीमित रह गई है।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिहर यादव ने कहा कि केंद्र सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल और खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए और किसानों को पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराए।

शफी अहमद ने अंत में कहा कि मजबूत देश केवल नारों और अपीलों से नहीं बनता, बल्कि मजबूत नीतियों और आर्थिक स्थिरता से बनता है। उन्होंने केंद्र सरकार से महंगाई, बेरोजगारी और ईंधन संकट पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिहर यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा रामदेव जगते, उपाध्यक्ष सुनील सिंह, सुनील गुप्ता, राजेंद्र भगत, लालसाय मिंज, जितेंद्र गुप्ता, दोमनिक एक्का, संजीत चौबे, विश्वजीत सिंहदेव, ब्लॉक अध्यक्ष समीर सिंहदेव, सत्येंद्र पांडेय, बृजेश मिश्रा, राम बिहारी यादव,बुद्धदेव पोया, संतन भगत, अमित यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!