

रायगढ़: रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। जिला अधिवक्ता संघ रायगढ़ की सक्रिय सदस्य एवं युवा अधिवक्ता कुमारी आराधना सिदार की संदिग्ध परिस्थितियों में निर्मम हत्या कर दी गई। उनका शव तुमिडीह जंगल क्षेत्र में निर्वस्त्र अवस्था में बरामद किया गया, जिससे पूरे विधि जगत में आक्रोश और शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले जंगल से बरामद हुए शव की हालत बेहद भयावह थी। मृतका के चेहरे को बुरी तरह कुचला गया था, जिससे पहचान में भी कठिनाई आई। यह मामला सामने आते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई।घटना के बाद शुक्रवार को जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष लालमणि त्रिपाठी और सचिव लोकनाथ केशरवानी के नेतृत्व में सैकड़ों वकीलों ने रायगढ़ न्यायालय परिसर से शांतिपूर्ण मौन जुलूस निकाला। यह जुलूस एसएसपी कार्यालय पहुंचा, जहां अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष, तेज और सूक्ष्म जांच की मांग की।
अधिवक्ता संघ ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए ऐतिहासिक निर्णय लिया है कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी की पैरवी जिला अधिवक्ता संघ का कोई भी सदस्य नहीं करेगा। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि यदि कोई बाहरी अधिवक्ता इस मामले में पैरवी करता है, तो उसका भी विरोध किया जाएगा। इस मामले ने उस समय और गंभीर मोड़ ले लिया जब मृतका की बहन ने मीडिया के सामने भावुक होकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि आराधना कई घंटों से फोन नहीं उठा रही थी। जब परिवार ने लगातार प्रयास किया, तो एक बार फोन किसी अज्ञात महिला ने उठाया और यह कहकर बात टालती रही कि आराधना सो रही है या नहा रही है। परिजनों का आरोप है कि यह सब सुनियोजित तरीके से साक्ष्य छुपाने और पहचान छिपाने का प्रयास था।परिजनों ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि जांच को तेज किया जाए और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा दिलाई जाए, ताकि परिवार को न्याय मिल सके।
वहीं पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया है कि जांच पूरी प्रोफेशनल तरीके से की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और विभिन्न संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।





















