

रायपुर: छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि 1 से 3 अगस्त तक पूरे राज्य में तीन दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। इसके जरिए कांग्रेस महंगी बिजली का मुद्दा जनता के बीच ले जाकर सरकार पर दबाव बनाने की तैयारी में है।
महंगी बिजली को बनाया बड़ा मुद्दा
प्रेस वार्ता में दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को लगातार अधिक बिल मिल रहे हैं। स्मार्ट मीटर लगाने और बिजली दरों में बढ़ोतरी से आम लोगों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से इस मुद्दे को उठा रही है और अब इसे प्रदेशव्यापी अभियान का रूप दिया जा रहा है।
तीन दिन का पूरा कार्यक्रम तय
कांग्रेस ने आंदोलन का विस्तृत कार्यक्रम भी जारी किया है।
1 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेस वार्ता कर महंगी बिजली और बढ़े हुए बिलों का मुद्दा उठाएंगे।
2 अगस्त को कांग्रेस कार्यकर्ता घर घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और महंगे बिजली बिलों के विरोध में आवेदन भरवाएंगे।
3 अगस्त को प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता रायपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।
सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगी बिजली से परेशान है और कांग्रेस उनकी आवाज बनकर सड़क पर उतर रही है। उन्होंने सरकार से बिजली दरों में राहत देने की मांग करते हुए कहा कि यदि लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक और तेज किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री मलकित सिंह गेंदू, राजेंद्र तिवारी, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा सहित ग्रामीण और शहर जिला कांग्रेस के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।











