

बलरामपुर: राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस समारोह के गरिमामय आयोजन की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर वर्चुअल रूप से जुड़े रहे।
कलेक्टर ने राष्ट्रीय पर्व के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों के अधिकारियों को परस्पर सामंजस्य और समन्वय के साथ सौंपे गए उत्तरदायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के लिए निर्देशित किया। बैठक में बताया गया कि इसके लिए जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। आयोजित बैठक में समारोह की सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा कर विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं। कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को जिसमें साफ-सफाई, शामियाना-टेंट, कुर्सी, माइक, बैरीकेट, पेयजल, साज-सज्जा एवं परेड की व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने सहित अन्य सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उत्कृष्ट कार्य कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित किए जाने की प्रक्रिया भी तय की गई। विभागों को निर्देश दिए गए है कि वे निर्धारित प्रारूप में पात्र कर्मचारियों के प्रस्ताव अनिवार्य रूप से समय पर प्रस्तुत करें।कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि 13 अगस्त को होने वाले अंतिम पूर्वाभ्यास से पहले सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण कर लें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक व्यवस्था आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।











