

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने विकासखंड बलरामपुर के ग्राम सौनी स्थित उचित मूल्य दुकान का आकस्मिक निरीक्षण कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हितग्राहियों को किए जा रहे शक्कर एवं चना वितरण का अवलोकन किया तथा वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। दुकान संचालक ने बताया कि हितग्राहियों को तीन माह का राशन वितरित किया जा चुका है तथा जुलाई माह के लिए खाद्यान्न का भंडारण किया जा रहा है।
इस दौरान कलेक्टर ने राशन लेने पहुंचे हितग्राहियों से संवाद कर वितरण व्यवस्था की जानकारी ली तथा पूछा कि राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। हितग्राहियों ने बताया कि उन्हें समय पर राशन प्राप्त हो रहा है और वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
इस दौरान कलेक्टर ने उपस्थित किसानों से खरीफ सीजन की तैयारियों की भी जानकारी ली। किसानों ने बताया कि क्षेत्र में खाद एवं बीज उपलब्ध हो गया है तथा आवश्यकता अनुसार महराजगंज समिति से आसानी से मिल गया है।
कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने किसानों से कहा कि वर्तमान मौसम एवं बदलते वर्षा परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्यों में वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाएं। उन्होंने फसलों में छिड़काव पद्धति का उपयोग कर फसल लेने की सलाह दी उन्होंने कहा कि इससे फसलों की बेहतर देखभाल के साथ उत्पादन में भी लाभ मिलेगा।





















