

बलरामपुर। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने विकासखंड बलरामपुर के ग्राम सौनी स्थित माध्यमिक शाला एवं हाई स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति तथा शिक्षण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद कर शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उनके विषयवार ज्ञान का आकलन किया। उन्होंने हिंदी, गणित एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे तथा बच्चों को बिना झिझक उत्तर देने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान कलेक्टर ने बच्चों से ग्रह मंडल के बारे में प्रश्न पूछा। इस दौरान माध्यमिक शाला सौनी के कक्षा सातवीं की छात्रा सोनी पाल ने आत्मविश्वास के साथ सभी ग्रहों के नाम एवं उनसे संबंधित जानकारी सही-सही बताई, जिस पर कलेक्टर ने छात्रा के बेहतर प्रदर्शन से प्रसन्न होकर कलेक्टर ने उसकी पीठ थपथपाकर सराहना की । उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी नियमित अभ्यास करने और पढ़ाई को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

तत्पश्चात कलेक्टर हाई स्कूल पहुंची उन्होंने विद्यार्थियों विभिन्न विषय अंतर्गत सवाल पूछे । इस दौरान उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ प्रतिदिन लिखने की भी नियमित प्रैक्टिस करें, क्योंकि लेखन अभ्यास से सीखने की क्षमता बढ़ती है और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलती है।विद्यार्थियों से संवाद के दौरान कलेक्टर ने पूछा कि वे बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं। विद्यार्थियों ने डॉक्टर, शिक्षक, पुलिस अधिकारी सहित विभिन्न क्षेत्रों में जाने की अपनी इच्छाएं व्यक्त की । कलेक्टर ने कहा कि बड़े सपने देखना अच्छी बात है, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन भी जरूरी है। उन्होंने बच्चों से कहा कि प्रतिदिन विद्यालय आएं, समय का सदुपयोग करें, और हर विषय की नियमित तैयारी करें। उन्होंने कहा कि आज की मेहनत ही भविष्य की सफलता की मजबूत नींव बनती है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने शिक्षकों से कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी पर व्यक्तिगत ध्यान दें। उन्होंने बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण, नियमित मूल्यांकन और कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने विद्यालय का परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित उपस्थिति से ही बच्चों की पढ़ाई में निरंतरता बनी रहती है और सीखने के बेहतर परिणाम प्राप्त होते हैं। उन्होंने शिक्षकों से अभिभावकों के साथ सतत संपर्क बनाए रखने तथा विद्यालय से अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को नियमित रूप से स्कूल लाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। इस दौरान कलेक्टर ने सीजीवीएसके ऐप के माध्यम से शिक्षकों की शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।





















