

बलरामपुर: नगर पालिका रामानुजगंज क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी चंदन संजय त्रिपाठी द्वारा नगर पालिका रामानुजगंज में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार नगर में बायपास सड़क होने के बावजूद भारी वाहन पहाड़ी मंदिर चौक, चांदनी चौक, लरंग साय चौक होते हुए अंतर्राज्यीय कन्हर बेरियर मार्ग से आवागमन कर रहे थे। इस मार्ग पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय, तहसील कार्यालय सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थान संचालित हैं। साथ ही आम नागरिकों एवं स्कूली बच्चों की आवाजाही होने से यातायात बाधित होने तथा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका रामानुजगंज अंतर्गत पहाड़ी मंदिर चौक, चांदनी चौक, लरंग साय चौक से अंतर्राज्यीय कन्हर बेरियर तक भारी वाहनों के आवागमन को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है।अब सभी भारी वाहनों का परिवहन नगर के बायपास मार्ग पहाड़ी मंदिर चौक-महाराणा प्रताप चौक-अंतर्राज्यीय कन्हर बेरियर से किया जाएगा।जिला प्रशासन ने वाहन चालकों एवं परिवहनकर्ताओं से आदेश का पालन करते हुए निर्धारित बायपास मार्ग का उपयोग करने की अपील की है, ताकि नगर में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।











