रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गोवर्धन पूजा और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकपर्व गौरा-गौरी के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और गौरा-गौरी से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की कामना की। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से किसानों की उन्नति और प्रदेश के प्रत्येक परिवार में खुशहाली बने रहने की प्रार्थना की।

प्रकृति और गौवंश के संरक्षण का संदेश देती है गोवर्धन पूजा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संदेश में कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति में प्रकृति और गौवंश के प्रति सम्मान प्रकट करने का महत्वपूर्ण पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला हमें पर्यावरण की रक्षा, पशु-पक्षियों के संरक्षण और आपसी सहयोग की प्रेरणा देती है।उन्होंने कहा कि यह पर्व प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और सामूहिक एकजुटता के महत्व को भी समझाता है।

छत्तीसगढ़ की लोकपरंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है गौरा-गौरी पर्व

मुख्यमंत्री ने गौरा-गौरी पर्व को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा बताया। उनके अनुसार, यह लोकपर्व प्रदेश की पुरानी परंपराओं, ग्रामीण जीवन और लोकआस्था से गहराई से जुड़ा हुआ है।उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाने के साथ समाज में प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव को भी बढ़ावा देते हैं। गौरा-गौरी पर्व छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और सामाजिक समरसता को दर्शाता है।

किसानों के जीवन में समृद्धि और परिवारों में खुशहाली की कामना

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौरा-गौरी से प्रार्थना की कि प्रदेश के खेत-खलिहान हमेशा फसलों और धन-धान्य से भरे रहें। उन्होंने अन्नदाताओं के जीवन में तरक्की और समृद्धि आने की कामना की।साथ ही प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति और खुशहाली बनी रहे तथा छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करता रहे, ऐसी मंगलकामना भी की। मुख्यमंत्री ने एक बार फिर दोनों पर्वों के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!