रायपुर: राजधानी रायपुर के चर्चित होटल कारोबारी दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन की कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। तेलीबांधा थाना पुलिस ने दंपति के खिलाफ संपत्ति पर कथित अवैध कब्जा करने, सरकारी सील तोड़ने, जान से मारने की धमकी देने और अश्लील हरकत करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।

मामले में शिकायत विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक संस्था 'आर्ट ऑफ लिविंग' की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी ने दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

सरकारी सील तोड़कर परिसर में प्रवेश करने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन पर एक संपत्ति में कथित तौर पर जबरन प्रवेश कर अवैध कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान परिसर पर प्रशासन द्वारा लगाई गई सरकारी सील को भी नियमों के विरुद्ध तोड़ा गया।

विरोध करने पर धमकी और अश्लील व्यवहार का आरोप

सरिता बाजपेयी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि जब उन्होंने और संस्था से जुड़े लोगों ने इस कथित गतिविधि का विरोध किया, तो उनके साथ अश्लील व्यवहार किया गया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले को लेकर पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की है।मामले में आरोपी दीपक टंडन को पूछताछ के लिए रायपुर लाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए पुलिस ट्रांजिट रिमांड की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। अदालत से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और संबंधित साक्ष्यों के आधार पर होगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!