एमसीबी:  मनेन्द्रगढ़ जिले में सोमवार रात नेशनल हाईवे-43 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कठोतिया के पास ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को आग के हवाले कर दिया। वहीं, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात बाइक सवार दो युवक नेशनल हाईवे-43 से गुजर रहे थे। इसी दौरान कठोतिया के पास सामने से आ रहे ट्रक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई।

दो युवकों की मौत से भड़का आक्रोश, ट्रक में लगाई आग

हादसे में दो युवकों की मौत के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने दुर्घटना में शामिल ट्रक में आग लगा दी। कुछ ही देर में ट्रक आग की लपटों से घिर गया। इस दौरान ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद नेशनल हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

मनेन्द्रगढ़ के वार्ड नंबर-16 के रहने वाले थे मृतक

हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की पहचान राहुल केवट के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, एक मृतक राहुल केवट के पिता का नाम बिज्जू केवट और दूसरे के पिता का नाम स्वर्गीय सुंदरलाल केवट है। दोनों युवक मनेन्द्रगढ़ के वार्ड नंबर-16 के निवासी थे।

ट्रक में आग लगाने के मामले में एक संदिग्ध हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रक में आग लगाए जाने के मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।फिलहाल पुलिस सड़क हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, ट्रक में आग लगाने की घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!