

चंडीगढ़। पंजाब में हुए डबल ब्लास्ट को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी माहौल बनाने के लिए हिंसा और डर का माहौल तैयार किया जा रहा है।
सीएम मान ने कहा कि बीजेपी जहां भी चुनाव लड़ती है, वहां तनाव और टकराव पैदा करने की कोशिश करती है। उन्होंने पंजाब को शांतिप्रिय राज्य बताते हुए कहा कि ऐसी हरकतें यहां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि राज्य में लागू सख्त बेअदबी कानून से कुछ ताकतें परेशान हैं, क्योंकि इससे लोगों को भड़काने की साजिशें नाकाम हो रही हैं। मान ने चेतावनी दी कि पंजाब ने पहले भी हिंसा के दौर देखे हैं और अब ऐसी स्थिति दोबारा नहीं बनने दी जाएगी।
मान ने कहा कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने बीजेपी को चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाबी लोग शांति चाहते हैं और किसी भी तरह की साजिश को स्वीकार नहीं करेंगे।
वहीं पश्चिम बंगाल के नतीजों पर भी मान ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई सीटों पर जनादेश प्रभावित हुआ और भारत निर्वाचन आयोग को इस पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।





















