

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार जिले में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड बलरामपुर के ग्राम रनहत एवं मकरो में खराब ट्रांसफार्मर के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होने संबंधी शिकायत रामकृष्ण मिश्रा द्वारा सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराई गई।
शिकायत प्राप्त होते ही विद्युत विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी दल को तत्काल मौके पर भेजा। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आवश्यक परीक्षण एवं मरम्मत कार्य कर दोनों गांवों के खराब ट्रांसफार्मरों को सुधारते हुए विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल कर दी गई। इसके बाद दोनों गांवों के ग्रामीणों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलने लगी, जिससे उन्हें राहत मिली।
सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण से शासन की जनहितैषी एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली प्रभावी रूप से क्रियान्वित हो रही है। समस्या के त्वरित समाधान पर ग्राम रनहत एवं मकरो के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सीएम हेल्पलाइन को आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बताया।











