

बलरामपुर: विकासखंड बलरामपुर के ग्राम पंचायत चिलमा निवासी सरजू कोरवा को प्रधानमंत्री पीएम जनमन आवास योजना के अंतर्गत पक्का आवास मिलने से सपरिवार सुरक्षित जीवन यापन कर रहे हैं। सरजू कोरवा पहले अपने परिवार के साथ मिट्टी के छप्पर वाले कच्चे मकान में निवासरत थे। बरसात के मौसम में लगातार पानी टपकता था, जिससे कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। पीएम जनमन योजना के तहत आवास स्वीकृत होने, समय पर भुगतान एवं तकनीकी मार्गदर्शन मिलने से उनका पक्का मकान निर्धारित समय में पूर्ण हो सका। परिवार को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत प्रतिमाह निःशुल्क राशन, आयुष्मान भारत योजना से स्वास्थ्य सुरक्षा और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से धुआंमुक्त रसोई की सुविधा मिल रही है। इसके अलावा, नल जल योजना से स्वच्छ पेयजल, घर में शौचालय की व्यवस्था के साथ-साथ उनकी पत्नी को महतारी वंदन योजना और ई-श्रम कार्ड का भी नियमित लाभ प्राप्त हो रहा है। सरजू कोरवा ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि इन योजनाओं ने उनके पूरे परिवार के जीवन में नई खुशियां बिखेर दी हैं।











