रायपुर: प्रदेश में उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से अब ठिठुरन और बढ़ गई है। सुबह व रात के साथ ही अब दोपहर के समय भी लोगों के गर्म कपड़े बाहर निकल आए है। विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान और ठंड में और बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा भी होगी। रविवार को भी प्रदेश में बादल छाने के साथ ही हल्की वर्षा के आसार है।

शनिवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। ठंडी हवाओं का प्रवेश लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते दोपहर की धूप में भी ठंड का अहसास होने लगा है। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। इसी प्रकार दुर्ग में अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम में बदलाव से रायपुर के साथ ही जांजगीर, बस्तर सहित कई क्षेत्रों में हल्की बुंदाबांदी हुई। रविवार को भी बादल छाने और हल्की वर्षा के आसार है।


यह बन रहा सिस्टम

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में रविवार को उत्तरी भाग में आंशिक रूप से बादल रह सकते है। प्रदेश के दक्षिणी भाग में आंशिक रूप से बादल छाने के साथ ही कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार है। उन्होंने कहा कि दक्षिणी भाग में अधिकतम तापमान में और गिरावट आएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!