

सूरजपुर: राज्य शासन द्वारा एनालॉग डेयरी उत्पादों पर लगाए गए प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन, सूरजपुर द्वारा जिले में लगातार सघन जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में अभिहित अधिकारी पुष्प राज चौहान के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम ने सूरजपुर एवं बिश्रामपुर क्षेत्र के होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों तथा डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम प्रकाश जायसवाल एवं नमूना सहायक दीपा साहू शामिल रहे।निरीक्षण के दौरान टीम ने यह जांच की कि संबंधित प्रतिष्ठानों में कहीं एनालॉग पनीर अथवा अन्य प्रतिबंधित एनालॉग डेयरी उत्पादों का निर्माण, भंडारण या उपयोग तो नहीं किया जा रहा है।
अभियान के तहत सूरजपुर में कृष्णा डेयरी, जय डेयरी, बाबा होटल, गुड्डु स्वीट्स, गोलू स्वीट्स, पंडित स्वीट्स, गोपाल डेयरी एवं कान्हा डेयरी का निरीक्षण किया गया। वहीं बिश्रामपुर क्षेत्र में सालु स्वीट्स, जय डेयरी, संदीप स्वीट्स, दूध डेयरी, सुहानी डेयरी, सोनी होटल, जलतरंग स्वीट्स, वीरेंद्र सब्जी भंडार, कृशु डेयरी एवं श्याम डेयरी की जांच की गई। जांच में किसी भी प्रतिष्ठान से कोई संदिग्ध एनालॉग डेयरी उत्पाद अथवा उससे संबंधित कच्चा माल प्राप्त नहीं हुआ।
निरीक्षण के दौरान टीम ने सभी व्यवसायियों को एनालॉग डेयरी उत्पादों के क्रय-विक्रय एवं निर्माण नहीं करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही उन्हें शासन द्वारा जारी अधिसूचना की विस्तृत जानकारी देते हुए उसका पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में आगे भी यह जांच अभियान सतत रूप से जारी रहेगा।











