

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विधानसभा उत्कृष्टता अलंकरण के लिए चयनित नामों की घोषणा की। इस बार उत्कृष्ट विधायक सम्मान के साथ प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्षेत्र के उत्कृष्ट पत्रकारों का भी चयन किया गया है।
सत्तापक्ष और विपक्ष से चुने गए उत्कृष्ट विधायक
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि सत्तापक्ष की ओर से धरमलाल कौशिक को उत्कृष्ट विधायक सम्मान के लिए चुना गया है। वहीं विपक्ष की ओर से राघवेंद्र सिंह को इस सम्मान से नवाजा जाएगा।यह सम्मान विधानसभा की कार्यवाही में सक्रिय भागीदारी, जनहित के मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने और संसदीय परंपराओं के पालन में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।
पत्रकारिता क्षेत्र में भी हुआ चयन
उत्कृष्ट पत्रकार सम्मान के लिए प्रिंट मीडिया श्रेणी में पत्रिका के संवाददाता संतराम साहू का चयन किया गया है।
वहीं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया श्रेणी में आईबीसी24 के संवाददाता सौरभ सिंह परिहार और राजेश राज को संयुक्त रूप से उत्कृष्ट पत्रकार सम्मान दिया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं
डॉ. रमन सिंह ने सभी चयनित विधायकों और पत्रकारों को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्कृष्टता अलंकरण का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह सम्मान लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।











