कोरबा:  पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों के एक गुट ने कोतवाली थाना इलाके में बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने रामसागर पारा निवासी रवि यादव (25)  की पीट-पीटकर हत्या कर दी। एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि वारदात रविवार की रात 10 बजे हुई। पुलिस ने दावा किया है कि हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है। इस हत्याकांड की वारदात को अंजाम देने में मुख्य रुप से आरोपी हर्षित गंगवानी और महेंद्र गंगवानी का नाम सामने आया है। पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों को पकड़ लिया गया है।

युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने के बाद इलाके में तनाव के हालात हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस की कार्यशैली और लापरवाही के चलते गुंडों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। नाराज लोगों ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कोतवाली थाने का घेराव भी किया। तनाव के मद्देनजर पुलिस के आला अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोतवाली थाना क्षेत्र के रामसागरपारा, मोतीसागर पारा और सीतामणी में यह कोई पहली वारदात नहीं है।

इस क्षेत्र में लगातार आपसी रंजिश, गुंडागर्दी, चाकूबाजी की घटनाएं होती रहती हैं। लोगों का आरोप है कि अगर पुलिस गुंडे बदमाशों से सख्ती से निपटती तो ऐसे हालत नहीं बनते।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, लगभग 8 से 10 दिन पहले रामसागर पारा मोहल्ले के एक युवक से किसी बात को लेकर कुछ युवकों का विवाद हुआ था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए रविवार शाम एक युवक अपने 8-10 साथियों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर रामसागर पारा पहुंचा। आरोपियों ने भीड़-भाड़ वाले इलाके में बिना किसी कानून व्यवस्था की परवाह किए, गुंडागर्दी शुरू कर दी। एक युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हमला होते ही मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। भीड़ के सामने ही बदमाशों ने युवक को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि मौके पर ही युवक रवि यादव ने दम तोड़ दिया।

वारदात के बाद यह जानकारी निकलकर सामने आई कि जिस युवक की जान गई है, उसका संभवतः इस विवाद से कोई लेना-देना ही नहीं था। हमलावर किसी और युवक को मारने के इरादे से आए थे। लेकिन निशाने पर कोई और आ गया, जो मारपीट के दौरान बीच-बचाव का प्रयास कर रहा था। आपसी रंजिश के इस खूनी खेल में एक निर्दोष युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बदमाश सरेआम लाठियां लहराते हुए दर्री रोड से पावर हाउस रोड की तरफ निकल गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उनको किसी भी तरह का कोई खौफ नहीं था। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और भारी आक्रोश है। घटना से गुस्साए मृतक के परिजन और बस्तीवासी बड़ी संख्या में कोतवाली थाने पहुंचे और अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी कोतवाली थाने और घटनास्थल पर पहुंचे, स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारी अब लोगों से शांति की अपील कर रहे हैं।

एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि रामसागरपारा में एक हत्या की वारदात हुई है। जिसमें मारपीट के बाद युवक रवि यादव की मौत हो गई है। घटना में शामिल मुख्य आरोपी हर्षित गंगवानी और महेंद्र गंगवानी को गिरफ्तार कर लिया गया है। कुल सात आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!