बलरामपुर: कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए खरीफ सीजन के लिए खाद-बीज की उपलब्धता तथा शासन की महत्वाकांक्षी पीएम जनमन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा प्रकरणों, न्यायालयीन प्रकरणों के निराकरण एवं जनहितैषी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में कलेक्टर ने खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने खाद एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी देते हुए खाद-बीज वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निम्न गुणवत्ता के बीजों की बिक्री, निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर  ने कहा कि अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाएं तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें तथा आवश्यक कार्रवाई करें।

बैठक में पीएम जनमन योजना के क्रियान्वयन समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विकासखण्डवार लंबित एवं अप्रारंभ आवासों की जानकारी ली तथा उन्होंने लंबित एवं अप्रारंभ आवासों को शीघ्र प्रारंभ कराने एवं निर्माण कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीवीटीजी समुदाय क्षेत्र में संपर्क सड़क, विद्युतीकरण एवं सोलर लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने पीवीटीजी परिवारों आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं किसान क्रेडिट कार्ड से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना के अंतर्गत पात्र प्रत्येक हितग्राही को शासन की मूलभूत सुविधाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि पीएम जनमन योजना के कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं होगी।

कलेक्टर ने पीवीटीजी समुदाय के लिए निर्मित बहुउद्देशीय केन्द्रों की उपयोगिता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि केन्द्र में स्व-सहायता समूह की गतिविधियों एवं आजीविका संवंर्धन कार्यक्रमों से जोड़े। उन्होंने कहा कि केन्द्र केवल भवन बनकर ना रहे बल्कि समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के प्रभावी केन्द्र के रूप में विकसित हो। उन्होंने केन्द्रों में नियमित गतिविधियों का संचालन कर समुदाय को स्वरोजगार एवं आजीविका के बेहतर अवसरों से जोड़ने को कहा।

बैठक में आंगनबाड़ी केन्द्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बच्चों को गुणवत्तायुक्त एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने, राशन स्टॉक का समुचित संधारण सुनिश्चित करने तथा कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने समय-सीमा प्रकरणों एवं न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए  नियमित मॉनिटरिंग तथा समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुशासन तिहार एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण पर जोर देते हुए कहा कि आमजन से प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, चेतन बोरघरिया,  प्रमोद गुप्ता, आर. एन. पाण्डेय, सर्व अनुविभागीय अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!