

बिलासपुर: बिलासपुर जिले के गतौरा स्थित शासकीय कम्पोजिट मदिरा दुकान में हथियारों के दम पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को मस्तूरी पुलिस और ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कर्ज से छुटकारा पाने के लिए शराब दुकान में रखी नकदी लूटने की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व स्कूटी, लूटे गए दो मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, धारदार चाकू समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक 3 अगस्त 2026 की सुबह करीब 3:30 बजे गतौरा शराब दुकान में तैनात सुरक्षाकर्मी साहिल राय और हरकुंवर पंकज के पास चार नकाबपोश पहुंचे। सभी ने काले कपड़े पहन रखे थे। आरोपियों ने दोनों सुरक्षाकर्मियों को चाकू दिखाकर शराब दुकान की चाबी मांगी। चाबी नहीं मिलने पर आरोपियों ने हरकुंवर पंकज के सिर, माथे और हाथ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पैर बांध दिए गए।आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और ग्राइंडर कटर मशीन व छेनी की मदद से लॉकर काटने की कोशिश की, लेकिन वे लॉकर तोड़ने में सफल नहीं हुए। इसके बाद आरोपियों ने काउंटर में रखी शराब की कुछ बोतलें, दोनों सुरक्षाकर्मियों के मोबाइल फोन, CCTV कैमरा और DVR अपने साथ लेकर दोपहिया वाहनों से फरार हो गए।प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले उन्होंने मोपका स्थित शराब दुकान में भी वारदात करने का प्रयास किया था। वहां अधिक चहल-पहल होने के कारण उन्होंने योजना बदल दी और चिल्हाटी-फरहदा होते हुए गतौरा पहुंच गए। आरोपियों ने लॉकर काटकर नकदी निकालने के लिए पहले से गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी और चाकू सहित अन्य सामान जुटा रखा था।
वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने और CCTV फुटेज से कोई सुराग नहीं मिलने देने के उद्देश्य से CCTV का DVR नदी में फेंक दिया था। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।पुलिस ने मामले में अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना (24), पिंटू निषाद (25) और सुशील निर्मलकर (24), सभी निवासी बिलासपुर, को गिरफ्तार किया है। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल वाहन, दो मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, धारदार चाकू समेत अन्य सामान जब्त किया गया है।
मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी पूर्व में CMS Info System कंपनी में कार्यरत था और शासकीय मदिरा दुकानों से नकद राशि कलेक्शन का काम करता था। उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में थाना मस्तूरी पुलिस एवं ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में विवेचना जारी है।











