बिलासपुर:  बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द मोड़ स्थित शराब दुकान परिसर में दिनदहाड़े ऑटो चालक की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें एक आरोपी बालिग है, जबकि दूसरा नाबालिग बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक 10 अगस्त 2026 की शाम करीब 5 बजे सूचना मिली कि मोहराभाठा स्थित शराब भट्ठी परिसर में दो बाइक सवार युवकों ने चाकू से हमला कर एक ऑटो चालक की हत्या कर दी है। घटना में शिव नंदन साहू (56), पिता शंभु साहू, निवासी देवरीखुर्द की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही तोरवा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। वहीं, थाना पुलिस और एसीसीयू की टीम ने प्रत्यक्षदर्शियों से आरोपियों का हुलिया प्राप्त कर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

एक और युवक पर चाकू से हमला

हत्या की वारदात के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी ही थी कि इसी दौरान सूचना मिली कि तोरवा थाना क्षेत्र के बूटापारा में उन्हीं आरोपियों ने एक अन्य व्यक्ति पर भी चाकू से हमला कर दिया है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल कन्हैया लाल राजड़े, पिता आशाराम राजड़े, निवासी बूटापारा बिलासपुर को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

दो लगातार चाकूबाजी की घटनाओं के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश और तेज कर दी। CCTV फुटेज और पुलिस टीम की ट्रेलिंग के आधार पर रात्रि में मनीष कैवर्त, निवासी कर्रा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर को हिरासत में लिया गया। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी नाबालिग है, जिसे भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। हत्या और चाकूबाजी की घटनाओं के पीछे की वजह, वारदात में इस्तेमाल हथियार तथा अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!