CG News: सरगुजा के मैनपाट में घूमने पहुंचे केरल के युवक-युवती शनिवार शाम घुनघुट्टा नदी के तेज बहाव में बाइक समेत बह गए. दोनों की मदद की पुकार सुनकर एक स्थानीय व्यक्ति रस्सी लेकर मौके पर पहुंचा और करीब एक किलोमीटर तक बह चुकी युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. वहीं, युवक तेज बहाव में लापता हो गया. देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका.

रायपुर में रहकर पढ़ाई करते हैं दोनों

घटना कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र की है. केरल निवासी गौरी नंदन (22) और यदुकृष्ण (25) रायपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं. दोनों घूमने के लिए मैनपाट पहुंचे थे. वे ट्रेन से अंबिकापुर आए और वहां से मैनपाट जाने के लिए बाइक किराए पर ली थी. शनिवार को मैनपाट में तेज बारिश हुई थी. इसके चलते घुनघुट्टा नदी का जलस्तर बढ़ गया था और रोपाखार में कैंप नंबर-2 के पास पुल के ऊपर से पानी बह रहा था. शाम करीब 5:30 बजे दोनों कमलेश्वरपुर से टाइगर प्वाइंट की ओर जा रहे थे.

तेज बहाव में बाइक समेत नदी में गिरे

यदुकृष्ण ने बाइक से पुल पार करने की कोशिश की. इसी दौरान तेज पानी के बहाव ने बाइक का संतुलन बिगाड़ दिया और दोनों बाइक समेत नदी में बह गए. बहते समय दोनों ने मदद के लिए आवाज लगाई. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण नदी की ओर पहुंचे. नदी के पास रहने वाले समशुद्दीन खान ने दोनों की आवाज सुनी और तुरंत रस्सी लेकर मौके पर पहुंचे. \

गौरी नंदन बहाव में करीब एक किलोमीटर दूर तक चली गई थी. समशुद्दीन ने कई बार उसकी ओर रस्सी फेंकी. आखिरकार युवती ने रस्सी पकड़ ली, जिसके बाद उसे खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

युवक की तलाश में जुटी पुलिस

दूसरी ओर, यदुकृष्ण तेज धार में बह गया. सूचना मिलने के बाद कमलेश्वरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से उसकी तलाश शुरू की. देर शाम तक युवक का पता नहीं चल सका. अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया. पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह उजाला होने के बाद युवक की तलाश दोबारा शुरू की जाएगी. एसडीआरएफ सरगुजा की टीम को भी सूचना दी गई है. टीम सुबह मैनपाट पहुंचकर रेस्क्यू अभियान में शामिल होगी.

बारिश से उफान पर हैं नदी-नाले

मैनपाट समेत सरगुजा के कई इलाकों में शनिवार को तेज बारिश हुई. इसके कारण नदी-नालों में पानी बढ़ गया है. पहाड़ी नदी घुनघुट्टा में तेज बहाव के चलते यह हादसा हुआ. प्रशासन ने लोगों से उफनती नदियों और पुलों को पार करने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!