
रायगढ़: जिले में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ पुलिस की विशेष टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने 29 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ों से कुल 9 लाख 500 रुपए नकद जब्त किए गए हैं। दोनों कार्रवाई खरसिया और कोतरारोड थाना क्षेत्र में की गई।
पुलिस के अनुसार विशेष टीम को खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर और कोतरारोड थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों स्थानों पर घेराबंदी कर छापेमारी की।
रानीसागर में स्ट्रीट लाइट के नीचे चल रहा था जुआ फड़, 19 गिरफ्तार
पहली कार्रवाई खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर स्थित पुरानी हेक्सा फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के भीतर की गई। यहां स्ट्रीट लाइट की रोशनी में खरसिया और घरघोड़ा क्षेत्र के लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर 19 जुआरियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 6 लाख 7 हजार 400 रुपए नकद जब्त किए। इस मामले में खरसिया थाने में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
तारापुर में मोमबत्ती की रोशनी में खेल रहे थे जुआ, 10 पकड़े गए
दूसरी कार्रवाई कोतरारोड थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में एचपी गैस एजेंसी के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग दीवार के किनारे मोमबत्ती जलाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस की दबिश के दौरान कुछ जुआरी भागने में सफल रहे, जबकि 10 लोगों को मौके से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने जुआ फड़ से 2 लाख 93 हजार 100 रुपए नकद जब्त किए। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। ऑपरेशन अंकुश के तहत ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रानीसागर जुआ फड़ से गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार, रानीसागर से कैलाश अग्रवाल (49), राधेन्द्र गुप्ता (44), दोनों निवासी घरघोड़ा; विकास अग्रवाल (49), राजकमल अग्रवाल (38), अभिषेक अग्रवाल (36), विनय अग्रवाल (36), अमोल अग्रवाल (40), संदीप अग्रवाल (41), आलोक अग्रवाल (45), संजय कुमार (38), अंकित कुमार (36), मुरली अग्रवाल (38), प्रतीक अग्रवाल (38), अमन कुमार (30), दिनेश अग्रवाल (53), शुभम अग्रवाल (25), सभी निवासी खरसिया; पारस उर्फ पिन्टु (36), निवासी कृष्णा बिहार रायगढ़; हासित गुप्ता (48), निवासी टेन्डा नावापारा और नरेश कुमार (58), निवासी रायगढ़ को गिरफ्तार किया गया।
तारापुर जुआ फड़ से गिरफ्तार आरोपी
तारापुर से दिनेश यादव (44), निवासी बोईरदादर; चमनदीप सिंह (23), निवासी कोष्टापारा; रौनक अग्रवाल (37), निवासी रायगढ़; राजीव लोचन बेहरा (40), निवासी बोईरदादर; आकाश गर्ग, निवासी मेन हॉस्पिटल के सामने; विकास अग्रवाल, निवासी बोईरदादर; प्रिंस सलूजा (27), निवासी गौरीशंकर मंदिर के सामने; पंकज कुमार महथा (41), निवासी जगतपुर; रजत गोयल (31), निवासी कबीर चौक और यश अग्रवाल (29), निवासी गजानंदपुरम, रायगढ़ को गिरफ्तार किया गया।











