दीपावली के त्योहार से पहले इंदौर में अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस ने बडी कार्रवाई की है। शहर के रिहायशी और घनी आबादी वाले इलाकों में बिना अनुमति आतिशबाजी का सामान जमा करने और बेचने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एक साथ छह थाना क्षेत्रों में छापेमारी की। इस दौरान अलग-अलग ठिकानों से 10 लाख रुपये से अधिक कीमत के पटाखे बरामद किए गए। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छह थाना क्षेत्रों में पुलिस की एक साथ दबिश

त्योहारी सीजन में अवैध पटाखों की बिक्री और विस्फोटक सामग्री के गैरकानूनी भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसी कार्रवाई के तहत क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने शहर के छह थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस की टीमें विजयनगर, लसूड़िया, एरोड्रम, परदेशीपुरा, खजराना और हीरानगर क्षेत्र में पहुंचीं। जांच के दौरान कई स्थानों पर बिना वैध लाइसेंस के पटाखों की बिक्री और भंडारण किए जाने की जानकारी सामने आई। कुछ ठिकानों पर रिहायशी इलाकों के बीच आतिशबाजी का बडा स्टॉक भी रखा गया था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने इन स्थानों से पटाखों की खेप बरामद कर जब्त कर ली। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 10 लाख रुपये से अधिक बताया गया है।

रिहायशी इलाकों में पटाखों का स्टॉक बना सकता है बड़ा खतरा

पुलिस अधिकारियों ने घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पटाखों का अवैध भंडारण किए जाने को गंभीर सुरक्षा चूक बताया है। क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, घरों और भीडभाड वाले इलाकों के बीच बडी मात्रा में आतिशबाजी का सामान रखना बेहद जोखिम भरा है।

ऐसे स्थानों पर आग लगने या विस्फोट होने की स्थिति में आसपास के मकानों और लोगों को भी भारी नुकसान पहुंच सकता है। इसी खतरे को देखते हुए पुलिस ने बिना अनुमति पटाखे रखने और बेचने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू की है।

अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित मामलों में विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किए गए हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और पटाखों की आपूर्ति कहां से की जा रही थी।

कार्बाइड गन और प्रतिबंधित विस्फोटक सामग्री पर भी पुलिस की नजर

दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस केवल अवैध पटाखों तक सीमित नहीं है। कार्बाइड गन, कार्बाइड लैंप और कार्बाइड के इस्तेमाल से तैयार होने वाली आतिशबाजी पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान अवैध विस्फोटक सामग्री की खरीद-बिक्री और भंडारण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों में निगरानी और जांच अभियान जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी संभावित हादसे को रोकना और शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!