छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के बाद अब मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही रात के तापमान में गिरावट का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। इसके बाद तापमान में किसी बडे बदलाव की संभावना नहीं है। फिलहाल प्रदेश के किसी भी जिले के लिए बारिश को लेकर अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

अंबिकापुर में सबसे कम तापमान, कोहकामेटा में हुई सर्वाधिक बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस अवधि में कोहकामेटा में सबसे अधिक 4 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम की स्थिति अलग-अलग रही।

तापमान के आंकडों पर नजर डालें तो रायपुर और माना में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, अंबिकापुर सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 14.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे संकेत मिल रहे हैं कि प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर धीरे-धीरे बढने लगा है।

रायपुर में 8 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 8 नवंबर को आसमान साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां दिन का अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

इससे पहले शुक्रवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। रात का तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में संभावित गिरावट के चलते सुबह और रात के समय हल्की ठंड का एहसास बढ सकता है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!