

रायगढ़: जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के क्रोंधा गांव में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जमीन विवाद के चलते दो सगे भाइयों ने एक बुजुर्ग दंपती की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शवों सहित घर में आग लगा दी, ताकि घटना को आगजनी की दुर्घटना का रूप दिया जा सके। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को ग्राम औरामुड़ा निवासी मंगल राठिया (65) और उनकी पत्नी मपुनाई बाई राठिया (55) के जले हुए शव उनके घर के भीतर मिले थे। सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाकर पोस्टमॉर्टम कराया गया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या व साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस डॉग 'रूबी'ने अहम भूमिका निभाई। घटना स्थल पर मिली हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी की गंध के आधार पर रूबी सीधे संदेही श्याम लाल राठिया तक पहुंची। इसके बाद एफएसएल रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्य और गवाहों के बयान के आधार पर श्याम लाल राठिया (32) और उसके भाई जीवन लाल राठिया (48) से पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले चार एकड़ जमीन का सौदा किया था, लेकिन बाद में उसी जमीन को मृतक मंगल राठिया ने अधिक कीमत देकर खरीद लिया और वहां मकान बनाकर खेती करने लगे। इसी रंजिश के चलते दोनों भाइयों ने 14 जुलाई की रात टांगी (कुल्हाड़ी) लेकर दंपती के घर पहुंचकर पहले मंगल राठिया और फिर उनकी पत्नी पुनाई बाई की बेरहमी से हत्या कर दी।हत्या के बाद आरोपियों ने दोनों शवों पर कपड़े, सोफा कवर और अन्य सामान डालकर आग लगा दी। इसके अलावा घर के दो कमरों में भी आग लगा दी, ताकि हत्या को दुर्घटना साबित किया जा सके। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।











