बिलासपुर : रतनपुर क्षेत्र में किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद और बीज उपलब्ध कराने के अभियान के तहत कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक सौ अस्सी क्विंटल अमानक खाद जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद खाद विक्रेताओं और दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।

कलेक्टर के निर्देश पर चला जांच अभियान

कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने रतनपुर क्षेत्र की विभिन्न दुकानों और सहकारी समितियों में औचक जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

सहकारी समितियों और दुकानों में मिली गड़बड़ियां

जांच में सेवा सहकारी समिति चपोरा में रिकॉर्ड संधारण और खाद भंडारण में गंभीर खामियां पाई गईं। इसके अलावा मेसर्स गुप्ता ग्रेन मर्चेंट रतनपुर में भी कई अनियमितताएं सामने आईं।

इसी तरह सेवा सहकारी समिति रतनपुर और उन्नत कृषि सेवा केंद्र रतनपुर में खाद के विक्रय और भंडारण नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिससे व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

दस्तावेजों में गड़बड़ी, कारण बताओ नोटिस जारी

विभागीय जांच के दौरान स्टॉक रिकॉर्ड और दस्तावेजों में कई खामियां सामने आने के बाद संबंधित संस्थाओं और विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

किसानों के हितों से खिलवाड़ पर सख्त रुख

कृषि विभाग ने साफ किया है कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने कहा है कि खाद और बीज की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!