सूरजपुर:  स्वच्छ भारत मिशन एवं "स्वच्छ नगर–सुंदर कार्यालय" की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से कलेक्टर  रेना जमील के निर्देशन में संयुक्त जिला कार्यालय एवं जिला पंचायत कार्यालय परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले के नेतृत्व में अधिकारी, कर्मचारियों तथा नगर पालिका परिषद के सफाई अमले ने श्रमदान करते हुए पूरे परिसर की व्यापक साफ-सफाई की।

अभियान के दौरान संयुक्त जिला कार्यालय भवन के चारों ओर, कार्यालय परिसर, आंगन तथा विभिन्न स्थानों पर उगी गाजर घास एवं अन्य अनावश्यक खरपतवार को हटाया गया। परिसर के प्रत्येक हिस्से की बारीकी से सफाई करते हुए स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित किया गया। साथ ही एकत्रित कचरे का समुचित निष्पादन भी किया गया।
स्वच्छता अभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट एवं जिला पंचायत कार्यालय परिसर की नालियों की सफाई, उद्यानों का रखरखाव, हरित क्षेत्रों का संरक्षण तथा कार्यालय परिसर की समग्र साफ-सफाई की गई।     कलेक्टर कार्यालय की दीवारों में लगातार पानी के रिसाव के कारण उग आई घास एवं काई को भी हटाकर परिसर को साफ एवं आकर्षक बनाया गया। अभियान के उपरांत पूरा परिसर स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित स्वरूप में नजर आया।
 

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले एवं डिप्टी कलेक्टर  रमेश मोर ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सतत प्रयास है। प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही "स्वच्छ नगर–सुंदर कार्यालय" की संकल्पना को प्रभावी रूप से साकार किया जा सकता है।
  जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण के लिए इस प्रकार के अभियान निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी, नगर पालिका का सफाई अमला सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!