बीजापुर:  बीजापुर जिले में माओवादी विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ेआलवाड़ा के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, जिंदा कारतूस, विस्फोटक और संचार उपकरण बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई थाना फरसेगढ़, डीआरजी बीजापुर और बीडीएस टीम की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ेआलवाड़ा के आसपास जंगल क्षेत्र में माओवादियों द्वारा हथियार एवं विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक बीजापुर के निर्देशन में थाना फरसेगढ़, डीआरजी बीजापुर और बीडीएस बीजापुर की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्चिंग अभियान शुरू किया।सर्चिंग के दौरान टीम को जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में संदिग्ध सामग्री दिखाई दी। तलाशी लेने पर वहां हथियार और बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। मौके पर मौजूद बीडीएस टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और डिमाइनिंग के बाद सामग्री को सुरक्षित रूप से कब्जे में लिया।

पुलिस के मुताबिक बरामद सामग्री में 315 बोर का एक देशी कट्टा और 315 बोर के 49 जिंदा राउंड शामिल हैं। इसके अलावा 303 रायफल के 25 जिंदा राउंड और 12 बोर के 34 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। तलाशी के दौरान 303 रायफल का बट प्लेट, बोल्ट, खाली मैगजीन सहित अन्य पार्ट्स भी मिले।इसके अलावा टीम ने 8 किलोग्राम जिलेटिन, छह वॉकी-टॉकी सेट चार्जर सहित, एक मेन पैक सेट, विभिन्न प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक एवं कॉपर वायर, डेटोनेटर वायर, क्लच वायर तथा अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की है। मौके से बैटरी, सेल, स्विच, सॉकेट और अन्य उपकरणों के साथ विभिन्न टूल्स भी जब्त किए गए।पुलिस का कहना है कि बरामद हथियार एवं विस्फोटक सामग्री को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों की सर्चिंग और जांच कार्रवाई जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!