

राउरकेला: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने 'ऑपरेशन नारकोस (NARCOS)' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए राउरकेला रेलवे स्टेशन से दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 11 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 5.50 लाख रुपये बताई गई है। जब्त गांजा को आगे की कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को सुबह करीब 8 बजे उप निरीक्षक राजेश मिश्रा के नेतृत्व में RPF टीम, CIB चक्रधरपुर और डॉग स्क्वॉड के साथ राउरकेला रेलवे स्टेशन पर नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चला रही थी। सुबह करीब 9 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-1 के झारसुगुड़ा छोर पर दो संदिग्ध व्यक्ति घूमते दिखाई दिए। पूछताछ और तलाशी लेने पर उनके बैग से गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सपना चौधरी (34 वर्ष) और अकील मजीद (42 वर्ष) दोनों निवासी जबलपुर (मध्य प्रदेश), के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे झारसुगुड़ा से गांजा लेकर जबलपुर जा रहे थे।RPF ने जब्त गांजा को आबकारी विभाग, राउरकेला के सुपुर्द कर दिया। आबकारी विभाग ने मुकदमा क्रमांक 121/26-27 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक राजेश मिश्रा, राजेश कुमार, एस. मणि, वरिष्ठ हवलदार राजकुमार साहू, मुकेश साहू, हवलदार आर.पी. सिंह, आर.बी.एम. कृष्णा तथा के.के. आदित्य डॉग मोंटी के साथ शामिल रहे।











