

भोपाल : अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल के सरकारी आवास में चोरी की बड़ी घटना सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने यहां घुसकर विधायक के निजी सहायक का लैपटॉप, नकदी, एटीएम कार्ड, पेन ड्राइव, घड़ी और कई अहम दस्तावेज चुरा लिए और मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना 7 जून की बताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कमरे से बाहर गए पीए, पीछे से हुई बड़ी चोरी
पीए डॉ. रामानंद पटेल ने पुलिस को दी शिकायत में पूरी घटना का विवरण दिया है। उनके अनुसार, वे 7 जून को मऊगंज से भोपाल पहुंचे थे और विधायक विश्राम गृह के खंड-3 स्थित कमरा नंबर 74 में ठहरे हुए थे। सुबह करीब 10:30 बजे वे कमरे को बाहर से बंद कर पानी लेने के लिए गए थे। इसके बाद वे अपने एक सहयोगी से मिलने कमरा नंबर 39 में चले गए और वहां कुछ समय बातचीत में बिताया।
दो घंटे बाद लौटा तो टूटा मिला ताला, गायब था लैपटॉप
करीब दो घंटे बाद दोपहर लगभग 12:30 बजे जब वे अपने कमरे में वापस लौटे तो उन्हें बड़ा झटका लगा। कमरे में रखा लैपटॉप गायब था और अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। चोरी हुए लैपटॉप की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई जा रही है।
संवेदनशील डेटा भी चोरी, बढ़ी चिंता
डॉ. रामानंद पटेल के अनुसार, अलमारी में रखे बैग से न सिर्फ नकदी और एटीएम कार्ड गायब हुए बल्कि पेन ड्राइव, घड़ी और विधानसभा से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी चोरी हो गए। सबसे गंभीर बात यह है कि लैपटॉप और पेन ड्राइव में विधानसभा कार्य से जुड़ा संवेदनशील डेटा भी मौजूद था, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, जांच में जुटी पुलिस
इस घटना ने सरकारी आवास परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े इस तरह की वारदात ने सुरक्षा तंत्र की लापरवाही को उजागर कर दिया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ने के प्रयास जारी हैं।





















