रायपुर : 19 वर्षीय डांसर रितेश पाल ने अपनी मेहनत और जुनून के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने देश के चर्चित डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ का खिताब अपने नाम कर लिया है। रितेश की इस जीत से रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। उनकी कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि डांस को करियर बनाने के फैसले में उन्हें शुरुआत में परिवार का पूरा साथ नहीं मिला था।

प्रतीक उतेकर के साथ मिलकर हासिल की जीत

फिनाले में कई हफ्तों तक चली कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद रितेश को विजेता घोषित किया गया। उन्होंने कोरियोग्राफर प्रतीक उतेकर के साथ मिलकर शो की ट्रॉफी अपने नाम की। जीत के साथ रितेश को चमचमाती ट्रॉफी और 15 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि मिली।विजेता बनने के बाद प्रतीक उतेकर ने सोशल मीडिया पर रितेश के साथ ट्रॉफी वाली तस्वीर साझा की। उन्होंने 17 हफ्तों के इस सफर, दर्शकों के प्यार और मिले समर्थन को याद करते हुए इसे अपनी साझा जीत बताया।

परिवार ने कहा था डांस छोड़ दो, लेकिन रितेश नहीं माने

रितेश का सफर किसी बड़े डांस स्कूल या संपन्न परिवार से शुरू नहीं हुआ। रायपुर के साधारण परिवार से आने वाले रितेश को अपने डांस के सपने को पूरा करने के लिए कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा।शुरुआती दौर में परिवार चाहता था कि वह डांस छोड़कर कोई दूसरा काम करें। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए रितेश अपने भाई के सैलून में भी काम करने लगे। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि घरवाले उनसे डांस छोड़कर भाई के काम में हाथ बंटाने के लिए कहते थे।इसके बावजूद रितेश ने अपना अभ्यास जारी रखा। वह सप्ताह में छह दिन डांस की प्रैक्टिस करते थे और रविवार को भाई के सैलून में काम करते थे। सैलून से मिलने वाली रकम उनके लिए जेब खर्च का सहारा बनती थी।

डांस प्लस 6 में भी दिखा चुके हैं हुनर

रितेश इससे पहले ‘डांस प्लस 6’ में भी अपने डांस का हुनर दिखा चुके हैं। लगातार मेहनत और अलग-अलग मंचों पर प्रदर्शन के बाद उन्हें ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ में अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिला। यहां उन्होंने पूरे सफर में शानदार प्रदर्शन करते हुए आखिरकार विजेता की ट्रॉफी हासिल कर ली।

जीत की रकम से मां के लिए बनाएंगे घर

खिताब जीतने के बाद रितेश ने अपनी पहली प्राथमिकता भी साफ कर दी है। उन्होंने कहा कि पुरस्कार राशि से वह सबसे पहले अपनी मां के लिए घर बनाना चाहते हैं। इस घर का नाम वह ‘हरि दर्शन’ रखना चाहते हैं।रितेश का कहना है कि मां के लिए कुछ करने पर उन्हें ऐसा महसूस होता है जैसे वह अपने लिए ही कुछ कर रहे हैं। अब उनकी इस जीत के साथ न सिर्फ उनका डांस का सपना पूरा हुआ है, बल्कि मां के लिए घर बनाने की इच्छा भी पूरी होने की राह पर है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!