नई दिल्ली। घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए 1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी से जुड़ा महत्वपूर्ण बदलाव लागू होने जा रहा है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी रिफिल का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण (BAA) पूरा करना होगा। जिन उपभोक्ताओं ने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें सब्सिडी का लाभ लेने के लिए पहले प्रमाणीकरण कराना होगा।

पहले से सत्यापन करा चुके उपभोक्ताओं को दोबारा जरूरत नहीं

मंत्रालय के मुताबिक जिन एलपीजी उपभोक्ताओं का बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण पहले ही पूरा हो चुका है, उन्हें दोबारा प्रक्रिया पूरी करने की आवश्यकता नहीं होगी। वे पहले की तरह एलपीजी रिफिल बुक कर सकेंगे। वहीं, जिन उपभोक्ताओं का प्रमाणीकरण लंबित है, उन्हें सत्यापन पूरा करने के बाद सब्सिडी के साथ रिफिल बुकिंग की सुविधा मिलेगी।

सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य सब्सिडी का लाभ वास्तविक और पात्र परिवारों तक पहुंचाना, डुप्लीकेट या अपात्र कनेक्शनों की पहचान करना तथा सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी के व्यावसायिक इस्तेमाल की संभावना को कम करना है।

27.43 करोड़ उपभोक्ताओं का हो चुका सत्यापन

19 सितंबर 2026 तक देश में 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं का बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है। यह कुल सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं का करीब 89.9 प्रतिशत है। मंत्रालय ने उपभोक्ताओं को प्रक्रिया पूरी करने के लिए पहले निर्धारित समय-सीमा में कई बार विस्तार भी दिया।

घर बैठे भी करा सकते हैं प्रमाणीकरण

उपभोक्ताओं को बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण के लिए गैस एजेंसी के चक्कर लगाने की अनिवार्यता नहीं है। इसे कई तरीकों से पूरा किया जा सकता है

गैस सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान: डिलीवरी कर्मचारी के मोबाइल ऐप के जरिए मौके पर प्रमाणीकरण कराया जा सकता है।

गैस वितरक के कार्यालय में: उपभोक्ता अपने संबंधित एलपीजी वितरक के कार्यालय जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

कंपनी के मोबाइल ऐप से: संबंधित तेल कंपनी के मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे प्रमाणीकरण किया जा सकता है।


इंडेन उपभोक्ता IndianOil ONE App, भारत गैस उपभोक्ता HelloBPCL App और एचपी गैस उपभोक्ता HP PAY App के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

अक्टूबर 2023 से चल रहा अभियान

एलपीजी उपभोक्ताओं के बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण के लिए तेल विपणन कंपनियां अक्टूबर 2023 से देशभर में अभियान चला रही हैं। इसके तहत उपभोक्ताओं को एसएमएस और व्हाट्सऐप के माध्यम से जानकारी दी गई है। इसके अलावा एलपीजी वितरकों और डिलीवरी कर्मचारियों ने लंबित प्रमाणीकरण वाले उपभोक्ताओं से संपर्क किया तथा विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर भी लगाए गए।

ऐसे में जिन घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं ने अभी तक बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण नहीं कराया है, उन्हें 1 अक्टूबर से पहले यह प्रक्रिया पूरी कर लेना जरूरी होगा, ताकि पात्र होने पर सब्सिडी का लाभ लेने में परेशानी न हो।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!