
बलरामपुर: बलरामपुर जिले के थाना पस्ता पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में शामिल तीन नाबालिग बालकों को बाल न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने चोरी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार ग्राम उफिया निवासी संतोष राम तिग्गा ने 11 मई 2026 को थाना पस्ता में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी भतीजी के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए अपनी हीरो ग्लेमर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 सीवी 3711 से गांव आया था। उसने वाहन को घर के आंगन में खड़ा किया था, लेकिन अगले दिन सुबह मोटरसाइकिल गायब मिली। काफी खोजबीन के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
इस मामले की विवेचना और वाहन की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खटवाबरदर निवासी अनिवेश नाग के पास चोरी की मोटरसाइकिल है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
आरोपी ने बताया कि 11 मई की रात वह अपने तीन दोस्तों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने ग्राम कौडू गया था। वापस लौटते समय रास्ते में एक अन्य शादी समारोह स्थल पर कई मोटरसाइकिलें खड़ी देख उन्होंने एक बाइक चोरी करने की योजना बनाई। वहां खड़ी आसमानी रंग की हीरो ग्लेमर मोटरसाइकिल को चाबी लगाकर स्टार्ट किया और चारों आरोपी उसे लेकर फरार हो गए।पुलिस के मुताबिक पहचान छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने सियासरई जंगल के पास मोटरसाइकिल की बैक लाइट, मडगार्ड और वाइजर तोड़कर जंगल में फेंक दिए थे। इसके बाद आरोपी ने वाहन को अपने घर में यह कहकर रखा था कि वह इसे अपने दोस्त से मांगकर लाया है।
पुलिस ने आरोपी अनिवेश नाग पिता रामबिलास नाग (19 वर्ष) निवासी खटवाबरदर थाना पस्ता के घर से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि तीन नाबालिग बालकों को बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जन्मेजय पाण्डेय, प्रधान आरक्षक राजेश राम लकड़ा, प्रधान आरक्षक देवकुमार कुजूर, आरक्षक संदीप जगत, बन्धेश्वर राम, शिवराम बेक, गजेन्द्र भगत तथा सुनील पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















