
Bhopal News: भोपाल के बागसेवनिया इलाके से पांचवीं कक्षा के एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि साकेत नगर स्थित एडिक्सन क्लासेस मे होमवर्क पूरा नहीं करने पर शिक्षक ने बच्चे को थप्पड़ मारे। घटना के बाद छात्र की मां की शिकायत पर पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोचिंग से घर लौटा तो चेहरे पर थे निशान
घटना 7 अक्टूबर की बताई जा रही है। छात्र मुदित देशमुख शाम करीब 5:30 बजे रोज की तरह वैन से कोचिंग गया था। रात करीब 8 बजे जब वह घर लौटा तो उसके गाल और कान पर थप्पड़ के निशान दिखाई दे रहे थे।
मां शिवानी देशमुख ने बच्चे से चोट के बारे मे पूछा तो उसने बताया कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर शिक्षक राहुल गौर ने उसके साथ मारपीट की। बच्चे की बात सुनने के बाद परिजनों ने मामले की जानकारी उसके पिता को दी।
माता-पिता बच्चे को लेकर थाने पहुंचे
बच्चे के शरीर पर चोट के निशान देखने के बाद माता-पिता उसे लेकर बागसेवनिया थाने पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मां के मुताबिक, उनका बेटा नियमित रूप से कोचिंग जाता है। 7 अक्टूबर को भी वह सामान्य तौर पर क्लास के लिए गया था, लेकिन वापस लौटने पर उसके चेहरे और कान पर चोट के निशान थे।
BNS की धारा 115(2) मे केस दर्ज
पुलिस ने छात्र और उसके माता-पिता के बयान दर्ज किए है। शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।
परिजनों ने आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी मांगी
मामला दर्ज होने के बाद छात्र के परिजनों ने आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग की है। परिवार का कहना है कि बच्चे के साथ इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामले मे आगे की कार्रवाई करेगी।




















